कठुआ। जिला स्तर पर शुरू होने के बाद सामुदायिक केंद्रों में भी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई। इसका उद्देश्य किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाना और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना है।
सीएचसी हीरानगर में टीकाकरण अभियान की शुरुआत एसडीएम फुलैल सिंह ने की। उन्होंने कहा कि यह गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों और संरक्षकों से इस टीकाकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. स्वामी सरन ने बताया कि एचपीवी टीका किशोरियों को संक्रमण से बचाने का एक सुरक्षित और प्रभावी उपाय है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में कैंसर से बचाव में सहायक होगी। अभियान के तहत उपमंडल के स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों में पात्र लाभार्थियों को टीका लगाया जाएगा। साथ ही जागरूकता कार्यक्रम, परामर्श सत्र और सामुदायिक पहुंच गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर डीएसपी (ऑपरेशंस), ब्लॉक मेडिकल अधिकार (बीएमओ) हीरानगर, तहसीलदार, ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) उपस्थित रहे।