सीआरपीएफ की ओर से आयोजित नशे के खिलाफ जारूकता कार्यक्रम में संबोधित करते सीआरपीएफ के अधिकारी
121 बटालियन सीआरपीएफ ने कठुआ में नशा मुक्ति अभियान के तहत किया कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सीआरपीएफ की 121वीं बटालियन के नेतृत्व में एमएचएस डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कठुआ में नशा मुक्ति अभियान का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
इस अभियान का नेतृत्व कमांडेंट अरविंद सिंह ने किया। कार्यक्रम में डॉ. सुधाकर राय (सीएमओ एसजी), उप कमांडेंट संदीप कुमार शर्मा, सहायक कमांडेंट बलवान सिंह और स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. अशुतोष भोला उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक दुष्प्रभाव, मानसिक विकार, पारिवारिक विघटन और सामाजिक असंतुलन पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं नवयुग ड्रग काउंसलिंग सेंटर कठुआ की टीम में मीतू , सूर्य शर्मा, मोइन मीर और सुशांत ने युवाओं को खेल-कूद, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान छात्रों और स्थानीय नागरिकों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया। क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर नशा मुक्ति संबंधी पोस्टर प्रदर्शित किए गए। स्कूल की लाइब्रेरी में युवाओं को पढ़ने के लिए नशा मुक्ति पर आधारित किताबें भी वितरित की गईं। कार्यक्रम के अंत में खान-पान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त वातावरण व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा और विकास के लिए भी आवश्यक है। बटालियन ने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।