हीरानगर के साईं इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थ
- फोटो : kathua news
कठुआ। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 121वीं बटालियन ने साई इंटरनेशनल स्कूल, हीरानगर में नशा‑मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया। कमांडेंट अरविंद सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने नशे के दुष्प्रभावों को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी डॉ. सुधाकर राय (सीएमओ एसजी) और संदीप कुमार शर्मा (उप कमांडेंट) उपस्थित रहे। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नशा शारीरिक क्षति, मानसिक विकार, पारिवारिक विघटन और सामाजिक असंतुलन का कारण बनता है। नवयुग ड्रग काउंसलिंग सेंटर, कठुआ के प्रतिनिधि – मीतू, रूपेश वर्मा, सुशांत और मोइन मीर ने छात्रों और स्थानीय नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को खेल, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में जुड़ने के लिए प्रेरित किया और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान शहर के प्रमुख स्थानों पर नशा‑मुक्त जीवन को बढ़ावा देने वाले पोस्टर लगाए गए। कार्यक्रम के समापन पर छात्रों और नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें। सीआरपीएफ ने कहा कि नशा‑मुक्त वातावरण न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि सामाजिक सुरक्षा और सतत विकास के लिए भी अनिवार्य है। बटालियन ने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों को जारी रखने का संकल्प लिया।