बसोहली में महिला मोर्चा की अध्यक्षता में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
- फोटो : kathua news
कठुआ। देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंपेक्ट समिट-2026 के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर भाजपा के पहाड़ी जिला की महिला मोर्चा ने भी रोष का इजहार किया है। वीरवार को महिला कार्यकर्ताओं ने बसोहली बस अड्डे में जमा होकर जोरदार नारेबाजी की और राहुल गांधी के बयान की भी निंदा की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही भाजपा महिला मोर्चा पहाड़ी जिला प्रधान काजल राजपूत ने कहा कि दिल्ली में हुआ विरोध देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि समिट के दौरान कांग्रेस के कई कार्यकर्ता अचानक भारत मंडपम के हॉल में घुस गए और लगभग निर्वस्त्र होकर जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की है वह निंदनीय है। विधायक दर्शन ठाकुर ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत हुए चुनाव के बाद अगर प्रधानमंत्री का चुनाव हुआ है तो वह किसी एक पार्टी के नही बल्कि पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं। ऐसे मंच पर किया जाने वाला विरोध प्रदर्शन प्रधानमंत्री की छवि को नहीं बल्कि देश की छवि को आघात पहुंचाने का प्रयास है। कांग्रेस को इस मामले में देश से माफी मांगनी चाहिए।
वहीं, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता उदित पाधा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत में होने वाली शिक्षा, स्वास्थ्य, ढांचागत सुविधा और तकनीकी क्षेत्र में वाली तरक्की पर प्रश्न उठाने का प्रयास किया गया है। इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस विरोध को जनसंपर्क शो बताते हुए सरकार पर आरोप लगा रहे हैं कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता को लेकर वह केवल दिखावा कर रही है। यह पूरी तरह से निंदनीय है और उसके लिए कांग्रेस काे माफी मांगनी होगी। उन्होंने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देश की प्रतिष्ठा सर्वोपरि है और किसी भी राजनीतिक लाभ के लिए उसे आघात पहुंचाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।