बिलावर। जिला प्रशासन की ओर से वीरवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजन यात्रा और जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। सुकराला गांव में आयोजित किए गए जागरूकता शिविर में इलाके के 20 वरिष्ठ नागरिकों ने हिस्सा लिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित किए गए कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों को एडीसी बिलावर विनय खोसला ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
सुकराला आश्रम में आयोजित किए गए कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों ने योगाभ्यास किया। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों ने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की और जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों को अलग-अलग प्रकार की सरकारी योजनाओं के बारे में बताया और इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संस्कृत कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से शिविर में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क ट्रैक सूट उपलब्ध करवाए गए।
एडीसी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं और वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारियां दी गईं जिसका उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना और पेंशन, सहायता और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारियां उपलब्ध करवाना था। इस मौके पर सीडीपीओ शिफाली भगत आदि मौजूद रहे।