हाईवे किनारे बने ढांचों पर कार्रवाई करती नगर परिषद की जेसीबी
- फोटो : kathua news
कठुआ। नगर परिषद कठुआ ने वीरवार को हाईवे किनारे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। हटली चौकी से सीटीएम कार्यालय के सामने तक दर्जनों रेहड़ी‑फड़ियों और अवैध कब्जों पर कार्रवाई करते हुए नगर परिषद का पीला पंजा चला।
वीरवार दोपहर अचानक राजस्व, पुलिस और नगर परिषद की टीम हटली पुलिस चौकी के सामने पहुंची और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ दिया। देखते ही देखते हड़कंप मच गया। औद्योगिक क्षेत्र के ठीक सामने फ्लाईओवर के नीचे और सीटीएम के सामने अवैध रेहड़ी फड़ियों का एक बड़ा बाजार सजने लगा था जिससे जहां लगातार हादसों की आशंका बनी थी वहीं आम लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। टीम ने एक एक कर दर्जनों रेहड़ी फड़ियों को हटाते हुए मौके से जब्त किया। वहीं सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर कड़ी चेतावनी भी जारी की है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि हाईवे किनारे अवैध रेहड़ी‑फड़ी लगाने से लोगों को परेशानी हो रही है और जाम की स्थिति बन रही है। इस संबंध में हाईवे प्राधिकरण से भी शिकायत प्राप्त हुई थी। उन्होंने कहा कि इससे पहले शहीदी चौक से मुखर्जी चौक तक भी इसी तरह का अभियान चलाया गया था।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ पर अतिक्रमण न किया जाए और व्यापारी अपनी निर्धारित सीमा में ही सामान लगाएं। उन्होंने कहा कि रेहड़ी‑फड़ी लगाने वालों को लाइसेंस लेना अनिवार्य है और प्रदेश के बाहर से आने वाले लोग पुलिस वेरिफिकेशन के बाद ही लाइसेंस प्राप्त कर काम कर सकते हैं।
इस संबंध में पुलिस को भी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद की इस कार्रवाई से हाईवे किनारे अवैध अतिक्रमण हटाया गया और आम लोगों को राहत मिली। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में बिना अनुमति और लाइसेंस के अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।