कठुआ। उप‑मंडल प्रशासन बनी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बनी में वरिष्ठ नागरिकों (वृद्धावस्था पेंशनधारकों) के लिए एक विशेष कल्याण एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किया। समाज कल्याण विभाग कठुआ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम बनी संदीप कुमार की।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों को ट्रैक सूट वितरित कर किया गया। इसके बाद योग सत्र आयोजित हुआ। उप‑जिला अस्पताल बनी की टीम ने मौके पर ही वरिष्ठ नागरिकों का रक्तचाप, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन आदि स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद वरिष्ठ नागरिकों ने पैदल चलना, व्यायाम तथा कैरम, बैडमिंटन जैसे खेलों में भाग लिया। इसके उपरांत उन्हें डिजिटल साक्षरता, कानूनी अधिकारों एवं सामाजिक कल्याण योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। विद्यालय परिसर में पौधरोपण अभियान भी चलाया गया, जिसमें प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक ने एक पौधा लगाया। अंत में सभी प्रतिभागियों को पुस्तकें, डायरी, मेवे, खाद्य सामग्री किट तथा राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए।
एसडीएम बनी ने कहा कि हमारे वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। प्रशासन उनके हितों की रक्षा और सुविधाओं की उपलब्धता के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे। वहीं तहसील समाज कल्याण अधिकारी खुर्शीदा बेगम ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कुल 20 लाभार्थियों को ट्रैकसूट, ड्राई फ्रूट तथा योग किट वितरित की गईं, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बानी, तहसील समाज कल्याण अधिकारी, पंचायत निरीक्षक ब्लॉक बानी सहित कई राजस्व एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।