मंगलवार को वार्ड नंबर 6 के लोगों का शिष्टमंडल एडीसी से मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। नगर कमेटी के वार्ड नंबर 6 मोहल्ला प्याल को जोड़ने वाली सड़क की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग की ओर से उनके मोहल्ले के लिए बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।
मंगलवार को वार्ड नंबर 6 के लोगों का शिष्टमंडल एडीसी बिलावर विनय खोसला से उनके कार्यालय में मिला। शिष्टमंडल में मौजूद तारीख अहमद, मोहम्मद जमील, सलीम अहमद के साथ एडीसी कार्यालय पहुंची स्थानीय महिलाओं ने बताया कि उनके मोहल्ले वार्ड नंबर 6 कुट के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है जिसमें गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार उनका मोहल्ला सड़क संपर्क से जुड़ने जा रहा है। सरकार ने सड़क के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये का टेंडर लगाया था। मौजूदा समय में सड़क पर जो काम करवाया जा रहा है उसकी गुणवत्ता सही नहीं है। मानकों के अनुसार सड़क का निर्माण कार्य नहीं करवाया जा रहा और गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा जा रहा। इससे स्थानीय लोग असंतुष्ट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क के किनारे जो सुरक्षा दीवार लगाई जा रही है उसमें सही गुणवत्ता का रेत और बजरी का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। लोगों ने एडीसी को बताया कि लगभग 600 मीटर लंबी सड़क का निर्माण होना है उनके मोहल्ले के साथ लगते एक बरसाती नाले में पुल का निर्माण होना बहुत जरूरी है।
एडीसी ने लोगों को आश्वासन दिया के मामला संज्ञान में आ गया है। जल्द लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाने के दिशा निर्देश दिए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग के एईई मोहम्मद अहमद, विभाग की टीम सहित मौके पर पहुंचे इसके बाद टीम ने विकास कार्य का निरीक्षण करके संबंधित ठेकेदार को जरूरी निर्देश दिए। इस मौके पर मौजूद वार्ड 6 के लोगों को एईई ने कहा कि सड़क की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि मोहल्ला प्याल से सटे बरसाती नाले पर पुल बनाने के लिए जल्द एस्टीमेट बनाकर उच्च अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा।