बिलावर। टांडी गांव में भूजल विभाग की ओर से लगाया गया हैंडपंप पिछले 6 महीनों से खराब पड़ा है। अमित शर्मा, अजय कुमार, नरेंद्र, सुजाता और सुषमा देवी ने बताया कि इस हैंडपंप के पास माता सुकराला देवी के चरण पादुका का मंदिर है। हर दिन अलग-अलग इलाकों के कई श्रद्धालु इस मंदिर मे माथा टेकते हैं जिन्हें पानी की किल्लत से जूझना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इस हैंडपंप पर रिया टांडी के 50 परिवार पेयजल के लिए निर्भर हैं जिन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को गांव में स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि समस्या के बारे में कई बार संबंधित विभाग को अवगत करवाया लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। लोगों ने भूजल विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द रिया टांडी गांव में खराब हुए हैंडपंप को ठीक करवाया जाए जिससे माता सुकराला में आने जाने वाले भक्तों को माता सुकराला के चरण पादुका के मंदिर में पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध हो सके और स्थानीय गांव वासियों को भी पेयजल की कमी से जूझना न पड़े।