कठुआ। इस साल श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले भक्तों के लिए अच्छी खबर है। 26 अगस्त 2026 को भारी बाढ़ से क्षतिग्रस्त रेलवे और हाईवे के रावी दरिया पर बने पुलों की मरम्मत का काम मई महीने में पूरा हो जाएगा। बरसात की शुरूआत से पहले इन पुलों का काम पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है। ऐसे में जून महीने जहां ट्रेनों का पूरी तरह और दोनों ट्रैक पर संचालन शुरू होने की उम्मीद है वहीं हाईवे के एक्सपोर्ट पुल से ट्रैफिक शुरू होने पर जाम से भी निजात मिलेगी।
26 अगस्त 2026 की रात अचानक रावी दरिया के उफान पर आने से जम्मू-पठानकोट रेल सेक्शन और हाईवे दोनों प्रभावित हो गए थे। हाईवे के पुल की अप्रोच बहने से शुरुआत हुई जिसके बाद माधोपुर बैराज के गेट टूटने के बाद पुल का एक पिलर भी क्षतिग्रस्त हो गया। उधर, रेलवे के माधोपुर व लखनपुर को जोड़ने वाले पुल का एक पिलर एक मीटर तक खिसकने से रेल यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। शुरुआती दौर में कई ट्रेनों का संचालन ठप हो गया है। इसके बाद रेलवे ने समय और मांग के अनुसार ट्रेनों को एक ही ट्रैक से संचालित किया।
दोनों पुलों के निर्माण के सामने बड़ी चुनौती अगली बाढ़ से पहले निर्माण और मरम्मत कार्य को पूरा करना है। ऐसे में रेलवे और हाईवे प्राधिकरण प्राथमिकता और युद्धस्तर पर इसे निपटाने में जुटा हुआ है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार हाईवे और रेलवे दोनों की ओर से फिलहाल पिलर की नींव बनाने का काम कर लिया गया है। रेलवे अब सब स्ट्रक्चर पर काम करने जा रहा है। हाईवे पर भी स्लैब बांधने और अप्रोच सड़क का काम अगले दो महीने में पूरा होने का दावा किया जा रहा है।
कोट
रावी दरिया के रेलवे पुल पर काम मई महीने तक पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल फाउंडेशन का काम कर लिया गया है और सब स्ट्रक्चर का काम शेष है।
-राघवेंद्र सिंह, पीआरआई, जम्मू डिवीजन, रेलवे
पुल के एक पिलर और अप्रोच को नुकसान पहुंचा था। जिसे पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है। उम्मीद है कि मई महीने के अंत से पहले इसे पूरा कर लिया जाएगा और ट्रैफिक इस पुल से बहाल कर दिया जाएगा। ऐसे में एक पुल पर दोनों ओर से ट्रैफिक का बोझ कम किया जा सकेगा।
-रोहित शर्मा, परियोजना प्रबंधक, पीएटीएच, हाईवे