पशु तस्करी मामलों में वाहन मालिक पर भी दर्ज होगी प्राथमिकी, चालक का लाइसेंस किया जाएगा रद्द
एसएसपी ने जिले में अपराध और सुरक्षा समीक्षा को लेकर की बैठक
कठुआ। एसएसपी मोहिता शर्मा ने जिले में अपराध और सुरक्षा समीक्षा को लेकर बैठक की। जिला पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में सीमा से घुसपैठ, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, पर्यटक स्थलों, राष्ट्रीय राजमार्ग, पुलिस थानों, चौकियों नाकों की सुरक्षा, ड्रोन उड़ान की निगरानी, अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों की जांच और सीमा क्षेत्र से उत्पन्न वाहनों की जांच पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही आत्मसमर्पण कर चुके या रिहा हुए आतंकियों, ओजीडब्ल्यू और जेकेएनओपी के सदस्यों की निगरानी और उनकी सूची को अपडेट करने पर भी बल दिया गया।
अपराध बैठक के दौरान एसएसपी कठुआ ने समग्र स्थिति की समीक्षा की और यूएपीए और एनडीपीएस मामलों की गुणवत्तापूर्ण जांच पर बल दिया। यूएपीए मामलों में आरोपियों की चल-अचल संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। एनडीपीएस मामलों में आगे-पीछे की कड़ियों की जांच, आरोपियों की संपत्ति जब्त करने और पीआईटी एनडीपीएस की कार्रवाई शुरू कर नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर दिया गया।
पशु तस्करी मामलों में वाहन चालक के साथ-साथ वाहन मालिक को भी शामिल करने और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुराने और नए आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज मामलों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। बैठक का समापन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशों के साथ हुआ जिसमें जिले में बेहतर सेवा वितरण, जवाबदेही और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। बैठक में एसपी ऑपरेशंस कठुआ मुकुंद टिबरेवाल, एसपी ऑप्स अपर कठुआ औमिर इकबाल, सभी एसडीपीओ, एसएचओ के साथ जिले के पुलिस चौकियों के प्रभारी उपस्थित रहे।