कठुआ। जिला विकास आयुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने हीरानगर सब डिवीजन के राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने राजस्व विभाग के कामकाज की समीक्षा की और प्रमुख कार्यों की प्रगति का आकलन किया।
डीसी ने बैठक में जमाबंदियों के डिजिटलीकरण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह प्रक्रिया समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटलीकरण से पारदर्शिता बढ़ेगी, भूमि अभिलेखों तक पहुंच आसान होगी और विवादों में कमी आएगी।
उन्होंने तहसीलदारों को राजस्व अभिलेखों की स्कैनिंग, सत्यापन और अपलोडिंग की प्रगति पर कड़ी निगरानी रखने और लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही फील्ड अधिकारियों के बीच उचित समन्वय बनाए रखने पर बल दिया ताकि अभिलेखों की शुद्धता और प्रामाणिकता सुनिश्चित हो सके। डीसी ने समयबद्ध जनसेवा वितरण पर जोर देते हुए अधिकारियों को पब्लिक सर्विस गारंटी एक्ट के तहत निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन करने और प्रमाणपत्र जारी करने, म्यूटेशन और अन्य राजस्व सेवाओं का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तहसील स्तर पर नियमित जन-संपर्क शिविर आयोजित करने के लिए भी कहा ताकि लोगों की शिकायतों का समाधान हो सके और प्रशासनिक व्यवस्था जमीनी स्तर पर जवाबदेह और संवेदनशील बने।
बैठक में एसडीएम हीरानगर फुलैल सिंह, तहसीलदार हीरानगर अनूप शर्मा, तहसीलदार मढ़ीन लेख राज, तहसीलदार डिंगा अंब अमित उपाध्याय सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।