कठुआ। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज मढ़ीन की एनएसएस यूनिट ने सात दिवसीय शीतकालीन शिविर के छठे दिन अपनाए गए गांव में सामाजिक योजनाओं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान कॉलेज की प्राचार्य प्रो.(डॉ.) अनुपमा गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने मढ़ीन में घर-घर जाकर स्थानीय निवासियों को विभिन्न सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी दी। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर जोर दिया। इनमें प्रधानमंत्री जन धन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली बेटी, विधवा पेंशन, कन्यादान योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना शामिल थीं।
स्वयंसेवकों को चार समूहों में बांटा गया, प्रत्येक में 10 सदस्य थे। उन्होंने 24 परिवारों से जानकारी एकत्रित की है कि किन योजनाओं का लाभ उन्हें मिला है और बाकी परिवारों को पात्रता मानदंड समझाकर योजनाओं का लाभ उठाने के लिए मार्गदर्शन दिया। अभियान के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही स्वच्छता, स्वास्थ्य और स्वच्छ जीवनशैली के महत्व पर बल दिया।