दसवीं की परीक्षा के बाद चहकते चेहरों के साथ बाहर आए विद्यार्थीसंवाद
- फोटो : bandipora news
कठुआ। जम्मू-कश्मीर स्कूली शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित वार्षिक परीक्षाओं का आगाज हो गया है। मंगलवार को दसवीं कक्षा की परीक्षा गणित विषय से शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों से बाहर आए विद्यार्थियों ने बताया कि प्रश्न पत्र उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप रहा जिससे पहले पेपर के बाद उन्हें राहत मिली। जिले के 89 परीक्षा केंद्रों में कुल 7321 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
सुबह 10 बजे शुरू हुई परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। कई विद्यार्थी निर्धारित समय से एक घंटा पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। आवश्यक जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। फ्लाइंग स्क्वायड टीमों ने विभिन्न केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और केंद्र प्रमुखों को नकल रोकने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए। जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन के सचिव मधुसूदन ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान बिलावर के 27 केंद्रों में 1945 विद्यार्थी, बसोहली के 15 केंद्रों में 1162 विद्यार्थी और कठुआ के 47 केंद्रों में 4214 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
उन्होंने कहा कि पहले दिन किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने नहीं आया। नकल रोकने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से विशेष टीमें गठित की गई हैं। सचिव ने बताया कि बारहवीं कक्षा की परीक्षा 23 फरवरी से शुरू होगी और पहला पेपर अंग्रेजी का होगा।