कठुआ। चिनाब घाटी को कठुआ और जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे से जोड़ने वाला बनी-बसोहली-भद्रवाह मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। सीमा सड़क संगठन की ओर से भद्रवाह से छत्रगला टॉप और सरथल से छत्रगला टॉप के बीच बर्फ हटाने का काम पूरा कर लिया गया है।
शून्य से नीचे तापमान के बावजूद सीमा सड़क संगठन बीआरओ ने कड़ी चुनौतियों के बीच छत्रगला दर्रे पर जमी मोटी बर्फ को हटाकर इस मार्ग को बहाल किया है। हालांकि सरथल में स्नो फेस्टिवल के दौरान ही इस सड़क के बहाल होने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन इसमें एक सप्ताह का समय अधिक लग गया। क्षेत्र में भारी बर्फबारी से यह संपर्क लगातार ठप चल रहा था। बीआरओ के अधिकारियों के अनुसार उनकी टीमें दिन-रात तैनात रहकर बर्फ हटाने का कार्य करती रहीं। मशीनों और मानव संसाधन के संयुक्त प्रयास से सड़क पर जमी बर्फ की मोटी परत को साफ किया गया। इस सड़क के खुलने से न केवल स्थानीय लोगों की आवाजाही सुगम हुई है, बल्कि आवश्यक आपूर्ति और सामान की ढुलाई भी निर्बाध रूप से शुरू हो गई है। छत्रगला दर्रा क्षेत्रीय संपर्क का अहम केंद्र है। यह सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है।