कठुआ। शहर के वार्ड 17 में अवैध रूप से संचालित नशा मुक्ति केंद्र पर प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए इसे सील कर दिया। दो दिन पहले शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने जांच की। प्रशासन के अनुसार केंद्र बिना अनुमति के संचालित हो रहा था। ऐसे में केंद्र संचालन के लिए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर यह कदम उठाया गया। प्रशासन के अनुसार केंद्र का संचालक शमन सूद पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है।
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे तहसीलदार विक्रम कुमार ने बताया कि दो दिन पहले ही शिकायत के आधार पर प्रशासन की टीम ने केंद्र का दौरा किया था। इस दौरान कठुआ थाना प्रभारी, ड्रग इंस्पेक्टर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से डॉक्टरों की टीम भी मौजूद थी। जांच में पाया गया कि केंद्र में 27 लोगों को उपचार के नाम पर रखा गया था, जबकि केंद्र संचालकों के पास कोई वैध अनुमति नहीं थी। जिसके बाद आज डीसी कठुआ के निर्देशानुसार इसे सील कर दिया गया है।
तहसीलदार ने कहा कि अब इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट डीसी कठुआ को सौंपी जाएगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि जिस इमारत में केंद्र चल रहा था, उसके लिए कोई किरायानामा है या नहीं। यदि इमारत किराए पर लेने में भी अनियमितता पाई जाती है तो भवन मालिक पर भी कार्रवाई की जाएगी। उधर, इसके बाद टीम ने इमारत के मालिक के खिलाफ भी बिना करार किराएदार रखने और पुलिस को सूचित न किए जाने का हवाला देकर मामला दर्ज करने की अनुशंसा की है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस केंद्र को पूर्व में भी सील किया जा चुका है। अवैध गतिविधियों के चलते केंद्र के मालिक ने प्रशासन से मोहलत के रूप में इस केंद्र को खोले जाने और प्रक्रिया के तहत लाइसेंस हासिल करने की बात कही थी। हालांकि तहसीलदार ने बताया कि जांच में पाया गया कि कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं था।