कठुआ। कठुआ जिले में माइनिंग विभाग ने अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। विभाग ने पिछले तीन महीनों (25 नवंबर से जनवरी 2026 के बीच) 293 वाहनों को जब्त या जुर्माना किया। इसके अलावा इनसे 56 लाख 54 हजार रुपये से अधिक की जुर्माना राशि भी वसूली गई है।
जिले में पंजाब-जम्मू-कश्मीर सीमा पर रावी दरिया के साथ साथ उज्ज, सहार, बिलावर के भिनी, तरनाह और अन्य सहायक नदी नालों में अवैध रूप से खनन की लगातार शिकायतें मिलती रही हैं। इस बीच पुलिस के साथ साथ खनन विभाग की ओर से भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की गईं।
जिला खनन अधिकारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायतों पर चौबीसों घंटे में कार्रवाई की जा रही है। बताया कि जुर्माने की राशि पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक रही है।
डीएमओ कठुआ ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग लगातार खनन गतिविधियों की निगरानी कर रहा है और शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कदम जारी रहेंगे। ज्ञात रहे कि कठुआ जिला खनन के लिहाज से हमेशा ही संवेदनशील रहा है। ऐसे में अवैध खनन को नियंत्रित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। विभाग नियंत्रित और निगरानीपूर्ण तरीके से खनन को अंजाम देने के लिए नए खनन ब्लॉक को लेकर भी प्रक्रिया जारी रखे हुए है।