कठुआ। बोर्ड परीक्षाएं आगामी 15 फरवरी से शुरू होने जा रही है। शैक्षणिक सत्र खत्म होने में काफी कम समय बचा है, लेकिन मढ़ीन शिक्षा जोन के चार हायर सेकेंडरी स्कूलों में 36 फीसदी व्याख्याताओं के पद अभी भी रिक्त पड़े हुए हैं। इसमें सबसे प्रभावित सीमावर्ती हायर सेकेंडरी स्कूल कान्हा चक है, जहां हिंदी व्याख्याता की पूरे सत्र में न तो किसी स्थायी और अस्थायी शिक्षक की तैनाती हो सकी है।
जानकारी के अनुसार मढ़ीन शिक्षा जोन के चार हायर सेकेंडरी स्कलों में दो सीमावर्ती क्षेत्र कोट पुन्नू और कान्हाचक हैं। जहां वर्तमान में कुल 9 व्याख्याताओं के पद रिक्त पड़े हुए हैं। हायर सेकेंडरी स्कूल चंदवा और छन्न अरोड़ियां में कुल सात व्याख्याताओं के पद खाली हैं। बिना विषय विशेष के व्याख्याताओं के न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
शिक्षा से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि विभाग तबादले कर इन स्कूलों से व्याख्याताओं को तो निकाल लेती है, लेकिन दूरदराज होने के चलते उनकी जगह दोबारा तैनाती नहीं की जाती है। हालांकि शिक्षा विभाग अस्थायी तौर पर क्लस्टर स्तर पर विषय विशेष के स्नातकोत्तर शिक्षकों को हायर सेकेंडरी स्कूलों में तैनात कर पाठ्यक्रम को पूरा करने का दावा तो करता है, लेकिन अभी भी कई विषय ऐसे हैं जिनके क्लस्टर स्तर पर उस विषय के शिक्षक भी उपलब्ध नहीं हैं।