कठुआ। रावी रिवर एक्शन कमेटी की नवगठित इकाई ने जिला खनन अधिकारी वीरेंद्र सिंह से मुलाकात की। बुधवार को कमेटी के प्रधान लाजपत राय उर्फ बिल्लू के साथ पहुंचे कमेटी के सदस्यों ने उन्हें कमेटी के नवगठित इकाई के सदस्यों से परिचित करवाया। कहा कि अगर कोई भी कमेटी के पदाधिकारी के रूप में अपने आप को प्रस्तुत करता है तो उसका कमेटी से कोई वास्ता नही है।
लाजपत राय बिल्लू ने इस दौरान जिला खनन अधिकारी को रावी दरिया में होने वाले खनन से इलाके को हुए नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार खनन से इलाके में भूमिगत जलस्तर नीचे चला गया है। इससे गमी के मौसम में लोगों को हर बार पीने के पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है। वहीं भारी-भरकम वाहनों से खनन मैटेरियल की ढुलाई से सड़कों की हालत भी खराब हो रही है।
कमेटी के सदस्यों की बात सुनने के बाद जिला खनन अधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनका विभाग लोगों की पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए प्रभावित इलाकों में डीपबोर करवाएगा। इसके अलावा गांव में प्रमुख स्थानों पर लाइटों की भी व्यवस्था करवाई जाएगी। इस मौके पर प्रेम चंद, यशपाल सिंह, धीरज शर्मा, पवन कुमार, वरुण शर्मा, मोहम्मद बशीर आदि भी मौजूद रहे।