- जिलेभर में उत्साह के साथ मनाया गणतंत्र दिवस समारोह
- पुलिस, अर्ध सैनिक बलों, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड समेत स्कूलों की 43 टुकड़ियों ने किया कदमताल
कठुआ। देश के अन्य हिस्सों की तरह गणतंत्र दिवस समारोह कठुआ जिले में राष्ट्र प्रेम के उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह कठुआ के जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुआ। यहां कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। परेड में पुलिस, अर्ध सैनिक बलों, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड समेत स्कूलों की 43 टुकड़ियों ने कदमताल कर देशभक्ति की भावना दिखाई।
मुख्य परेड की कमान उप पुलिस अधीक्षक पुष्पा राजपूत ने संभाली जबकि परेड द्वितीय प्रभारी पुलिस सब इंस्पेक्टर मजहर अली जाफरी रहे। परेड में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारतीय रिजर्व पुलिस, जिला पुलिस लाइन (पुरुष एवं महिला), पुलिस प्रशिक्षण स्कूल, वन सुरक्षा बल, होम गार्ड और एनसीसी की विभिन्न इकाइयों ने भाग लिया। कई संस्थानों की छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट में भाग लेकर देशभक्ति का परिचय दिया। परेड में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की तीन टुकड़ियों में की भागीदारी रही। बैंड स्क्वॉड्स में पीटीएस ब्रास बैंड के अलावा विभिन्न विशेष आकर्षण रहीं। समारोह का मुख्य आकर्षण रही भव्य परेड, जिसमें सुरक्षा बलों, एनसीसी, स्काउट्स, गाइड्स और विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियों ने अनुशासन, ऊर्जा और राष्ट्रप्रेम का प्रदर्शन किया। समारोह में देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में जम्मू संस्कृति स्कूल ने वंदे मातरम की गरिमा को मंच पर जीवंत किया। स्प्रिंग डेल्स स्कूल की चेंज्स टू चेंज ने सामाजिक बदलाव की प्रेरणा दी। डीपीएस राजबाग की संघर्ष की अमर गाथा ने स्वतंत्रता संग्राम की वीरता को दर्शाया, जबकि सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय कटुआ की पाॅवर ऑफ स्लोगन्स ने जनजागरण का संदेश दिया। जिसका वहां मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उधर, हीरानगर में एसडीएम फुलैल सिंह मिनी स्टेडियम हीरानगर, बनी में एसडीएम बनी संदीप कुमार और बसोहली में एडीसी पंकज भगोत्रा ने ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। सभी जगह देशभक्ति से ओत प्रोत प्रस्तुतियों ने समां बांधा। आयोजित समारोहों में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और आम लोगों को भी सम्मानित किया गया।
बिलावर में भी रही गणतंत्र दिवस की धूम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। उपमंडल में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह का आयोजन उपमंडल मुख्यालय के मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित किया गया। इसमें एडीसी बिलावर विनय खोसला तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली। जम्मू कश्मीर पुलिस के जवानों ने सशस्त्र सलामी दी साथ ही एनसीसी कैडेट्स, अलग-अलग सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज को एक-एक कर सलामी दी। गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल दरूंग में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर विधायक सतीश शर्मा ने तिरंगे झंडे को फहराया। राजकीय डिग्री कॉलेज बिलावर में आयोजित किए गए कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्य ने झंडा फहराया। कॉलेज के विद्यार्थियों ने संस्कृत कार्यक्रम आयोजित किए। इसके अलावा उपमंडल के सभी 6 ब्लॉक मुख्यालयों पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम आयोजित हुए।