बिलावर। इलाके के लोगों ने बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए हैं। दरअसल धार सड़क पर नयारु झरने के पास बीआरओ की ओर से सड़क की मरम्मत का कार्य करवाया जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और मौके पर पहुंच कर काम को बंद करवा दिया।
स्थानीय मास्टर मुल्क राज, समाजसेवी वरुण खजुरिया ने गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि झरने के पास जो सड़क की मरम्मत करवाई जा रही है उसमें रेत की जगह मिट्टी में सीमेंट लगाया जा रहा था जो सही नहीं है। मौके पर पहुंचे लोगों ने इसकी जानकारी बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन के कनिष्ठ वन अभियंता को दी जिसके बाद कनिष्ठ अभियंता के निर्देश पर काम को वहीं पर बंद करवा दिया गया।