बिलावर पहुंचे शिव भक्तों ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त
बिलावर। कस्बे में स्थित बिल्वेश्वर महादेव मंदिर में माघ महीने के ज्येष्ठ सोमवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अलग-अलग इलाकों से बिलावर पहुंचे शिव भक्तों ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर में विराजमान भोलेनाथ की पिंडी का जलाभिषेक करने के लिए मंदिर में पहुंचना शुरू हो गए और यह क्रम दोपहर तक जारी रहा। लोगों को कतार में लगकर भोलेनाथ के दर्शन करने पड़े। बिलावर, किशनपुर, बग्गन, देवल, फिंतर, भड्डू, सुकराला आदि इलाकों के लोगों ने मंदिर में पहुंचकर भगवान आशुतोष का गुणगान किया। मंदिर के प्रांगण में विशाल भंडारा आयोजित किया गया। बिल्वेश्वर महादेव मंदिर कमेटी के प्रधान सुभाष चौधरी ने बताया कि हर ज्येष्ठ सोमवार बिल्वेश्वर महादेव मंदिर में भंडारा आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे सबसे पहले भगवान भोलेनाथ को भोग लगाया गया जिसके बाद भंडारा भक्तों के लिए खोल दिया गया जो देर शाम तक जारी था।