शहर के शिवानगर मोड़ पर स्थापित हुए स्पीड ब्रेकर संवाद
स्पीड ब्रेकर से शिवानगर मोड़, जिला सचिवालय के बाहर, भगवान परशुराम चौक, स्टेडियम चौक और लोक निर्माण विभाग कार्यालय के बाहर हादसों पर लगेगी लगाम
शहर में पहली कड़ी में स्थापित हुए स्पीड ब्रेकर
कठुआ। सड़क सुरक्षा समिति की सिफारिशों के बाद शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक कदम और बढ़ाया गया है। अब चौक-चौराहों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रशासन ने दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कई महत्वपूर्ण स्थानों पर स्पीड ब्रेकर स्थापित किए हैं।
पहली कड़ी में शिवानगर मोड़, जिला सचिवालय के बाहर, भगवान परशुराम चौक, स्टेडियम चौक और लोक निर्माण विभाग कार्यालय के बाहर स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं। इन स्थानों पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। अब स्पीड ब्रेकर से वाहनों की गति खुद ही नियंत्रित होगी और हादसों पर लगाम लगेगी। हालांकि पारलीवंड में सावन चक गुरूद्वारा चौक, जराई चौक, शहीदी चौक के अलावा मुखर्जी चौक और गुज्जर हॉस्टल चौक भी स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की जरूरत हमेशा ही महसूस होती रही है। सड़क सुरक्षा समिति ने यह भी सुझाव दिया था कि सड़क पर स्पष्ट रोड मार्किंग की जाए ताकि वाहन चालकों को लेन और दिशा का सही संकेत मिल सके। इसके साथ ही पूर्व में लगाए गए स्टड ब्लिंकर की मरम्मत भी की जाएगी। इन ब्लिंकर्स के खराब होने से रात के समय दृश्यता कम हो जाती थी, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती थी। कोहरे के दिनों में यह ब्लिंकर सड़क की दिशा बताने में सहायक साबित होते हैं।
कोट
सड़क सुरक्षा समिति की सिफारिशों पर शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर यह कार्य प्रस्तावित थे। इन्हें पूरा करवाया जा रहा है। बीते साल लगाए गए स्टड ब्लिंकर के अलावा सड़क की मार्किंग और अब लगाए जा रहे स्पीड ब्रेकर इसका हिस्सा हैं। स्पीड ब्रेकर और रोड मार्किंग से न केवल वाहन चालकों को सावधानी बरतने का संकेत मिलेगा बल्कि पैदल यात्रियों और स्थानीय निवासियों को भी राहत मिलेगी।
- अविनाश गुप्ता, सहायक कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग