कठुआ। स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू ने कठुआ के पूर्व मुख्य शिक्षा अधिकारी की ओर से दिसंबर 2025 में जारी किए गए सभी आदेशों को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया है। निदेशालय ने कहा कि इन आदेशों में गंभीर प्रशासनिक और प्रक्रियागत अनियमितताएं पाई गई हैं जिनकी तत्काल जांच आवश्यक है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दिसंबर माह में सेवानिवृत्त हुए पूर्व मुख्य शिक्षा अधिकारी ने इस अवधि में लगभग 50 तबादलों के आदेश जारी किए थे।
मामला बसोहली विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने कठुआ जिला सचिवालय में मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के दौरान उठाया था। उन्होंने आरोप लगाए थे नियमों को ताक पर रखकर तबादले किए गए हैं और बसोहली क्षेत्र से बड़े पैमाने पर शिक्षकों को अन्य जोन में स्थानांतरित किया गया है जिससे बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शिक्षामंत्री स्कीना इत्तू ने निदेशक को इसकी जांच करने के निर्देश दिए थे। निदेशक स्कूल शिक्षा ने आदेश जारी करते हुए कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता और संस्थानों के सुचारु संचालन के हित में यह कदम उठाया गया है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी रिकॉर्ड और दस्तावेज लेकर निदेशालय में उपस्थित हों।
कोट
शिक्षा निदेशक के निर्देश के बाद सभी सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालयों, उच्च विद्यालयों और जोनल शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश का तत्काल अनुपालन करें और अनुपालन रिपोर्ट अगले दिन तक कार्यालय में जमा करें।
- अंजना मनियाल, जिला शिक्षा योजना अधिकारी