सचिवालय में जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की
11.58 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
कठुआ। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कठुआ जिले में कुल 11.58 करोड़ की विकास परियोजनाओं का ई-उद्घाटन और ई-शिलान्यास किया। रोजगार सृजन पर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार मेलाें के परिणाम भी हों और मिशन युवा को सक्रिय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से लागू किया जाए।
बुधवार को जिला सचिवालय कठुआ में जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। इसमें स्थानीय विधायकों के साथ-साथ प्रदेश कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। बैठक में मुख्यमंत्री ने ग्रामीण उद्यम, कृषि और संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से रोजगार के अवसर बढ़ने और स्थानीय संसाधनों को मूल्यवर्धन मिलने की उम्मीद जताई गई। मुख्यमंत्री ने सल्लन में बांस शिल्प कॉमन फैसिलिटी सेंटर (2.87 करोड़), कठुआ में कठुआ कृति शोरूम (41.51 लाख) और बिलावर में अगरबत्ती कॉमन फैसिलिटी सेंटर (3.39 करोड़) का उद्घाटन किया। इसके अलावा कठुआ में पोल्ट्री एवं हैचरी यूनिट का उन्नयन (3.88 करोड़) किया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों की आय और उत्पादकता बढ़ाने में सहायक होगा। शिक्षा क्षेत्र में भी उन्होंने कठेरा के सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में आठ अतिरिक्त कक्षाओं का शिलान्यास (1.768 करोड़) की परियोजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने पीएमजीएसवाई और नाबार्ड की सड़कों की समीक्षा करते हुए जल निकासी, ढलान सुरक्षा और टिकाऊ निर्माण पर जोर दिया। उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी ने जानकारी दी कि जुथाना पुल जल्द ही पूरा होकर जनता के लिए खोल दिया जाएगा। कृषि क्षेत्र की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कीटनाशक परीक्षण प्रयोगशाला को समयबद्ध तरीके से चालू करने और क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र के डीपीआर को शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की समीक्षा में मंत्री सकीना इट्टू ने शिक्षकों का युक्तिकरण, रिक्त स्त्री रोग विशेषज्ञ पदों की पूर्ति और कुछ स्थानांतरण आदेशों को जांच तक स्थगित रखने के निर्देश दिए।
विधायकों ने स्वास्थ्य व शिक्षा में स्टाफ की कमी, अधूरी परियोजनाओं, पेयजल आपूर्ति, बिजलीकरण, सड़क संपर्क, खेल सुविधाओं, बाढ़ सुरक्षा, बंदर समस्या और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आश्वासन दिया कि सभी वास्तविक मांगों को चरणबद्ध और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने जिला कैपेक्स की समीक्षा करते हुए विभागों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण व्यय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल गुणवत्ता परीक्षण को तेज करने, एसएएससीआई परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और स्थानीय रोजगार अवसर बढ़ाने पर बल दिया।
बैठक में मंत्री जावेद अहमद डार, मंत्री सतीश शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार नसीर असलम वानी, डीडीसी चेयरमैन, विधायकों में सतीश शर्मा, डॉ. भारत भूषण, ठाकुर दर्शन सिंह, डॉ. रामेश्वर सिंह, विजय शर्मा और विभिन्न क्षेत्रों के विधायक मौजूद रहे। मुख्य सचिव अटल डुल्लू, अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरज गुप्ता और उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।