बनी। डोडा जिले के भलेसा क्षेत्र से मां दौला के दर्शन के लिए पहुंचे 300 से अधिक श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्रा इन दिनों बनी क्षेत्र को भक्तिमय बना रही है। श्रद्धा और विश्वास की अद्भुत मिसाल देखने को मिल रही है, शुक्रवार दोपहर से ही मां दौला के दरबार में भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें मां के भजनों, कीर्तन और आरती से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूब गया। श्रद्धालु देर रात तक मां के गुणगान में लीन रहे। महिला श्रद्धालुओं ने लोकगीतों के माध्यम से मां दौला की महिमा का गुणगान किया, वहीं युवा श्रद्धालु ढोलक, करताल और मंजीरों के साथ कीर्तन में रम गए।
यात्रा की अगुवाई कर रहे पुजारी अक्षर चांद और कैप्टन राकेश ठाकुर ने बताया कि शनिवार को विशेष हवन के आयोजन के बाद जत्था वापसी करेगा। उन्होंने बताया कि 2015 से लगातार यह यात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ की जा रही है और हर वर्ष भक्तों की संख्या में वृद्धि हो रही है।