बनी। जंजघर बनी में निर्दलीय विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह की अध्यक्षता में समर्थकों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अजब सिंह, सुशील कुमार, रोशन मन्हास सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक का उद्देश्य अपने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर रणनीति तय करना था। इस अवसर पर डॉ. रामेश्वर सिंह ने सभी समर्थकों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करें और जनता से सीधा संवाद बनाएं। डॉ रामेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में कहा, अब समय है कि हम विकास कार्यों को प्राथमिकता दें और आम जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों को उजागर करें। समर्थकों को चाहिए कि वे सिर्फ अपनी विचारधारा को आगे बढ़ाएं बल्कि लोगों की समस्याओं को भी सरकार तक पहुंचाएं और समाधान की दिशा में काम करें। बैठक में विशेष रूप से आगामी चुनावों के लिए बूथ स्तर पर तैयारियों, युवाओं की भागीदारी और विकास योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने पर भी चर्चा की गई। समर्थकों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे और संगठनात्मक मजबूती के लिए एकजुटता के साथ काम करने का संकल्प लिया।