बनी। मां चंडी स्पोर्ट्स क्लब की तरफ से आयोजित चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन शानदार फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल मैच में चला सुपर किंग टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए रॉयल स्पोर्ट्स क्लब सियालाग को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
मैच की शुरुआत रॉयल स्पोर्ट्स क्लब सियालाग की टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने से हुई। टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 150 रनों का लक्ष्य रखा। टीम के खिलाड़ी किरपाल ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए मात्र 20 गेंदों में 43 रन बनाए। जवाबी पारी में चला सुपर किंग ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 10.1 ओवर में ही 150 रन बनाकर मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया। चला सुपर किंग के खिलाड़ी विनोद ने फाइनल मैच में 22 गेंदों में 85 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 छक्के और 5 चौके शामिल थे। विनोद को ‘मैन ऑफ द मैच’ और ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ घोषित किया गया। टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने कुल 120 रन बनाए और अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। क्लब के अध्यक्ष सुरजीत कुमार ने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और पर्यटन को बढ़ावा देना था। समापन समारोह में पूर्व विधायक बनी जीवन लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है। वहीं क्लब के सदस्यों ने क्रिकेट ग्राउंड की मांग उठाई, जिस पर उन्होंने कहा कि इस विषय को भाजपा सरकार के समक्ष रखा जाएगा। इस अवसर पर डीडीसी बनी रीता ठाकुर, पूर्व सरपंच किरण देवी सहित कई गणमान्य लोग फाइनल मैच को देखने के लिए उपस्थित थे। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इस आयोजन की सराहना की और भविष्य में ऐसे और आयोजन की अपेक्षा जताई।