कठुआ। शहर के ड्रीमलैंड पार्क के सामने कुछ दुकानों को प्रशासन ने सील कर दिया है। वहीं निर्माणाधीन ढांचों को भी पीछे हटाने के निर्देश दे दिए गए हैं। कार्रवाई के लिए डीसी कठुआ खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने दस्तावेजों का हवाला देते हुए कार्रवाई शुरू की। बाकायदा मौके पर निशानदेही भी की गई। प्रशासन के अनुसार यह इमारतें भवन निर्माण अनुमति की अवहेलना करते हुए बनी थीं।
वीरवार शाम चार बजे के लगभग ड्रीमलैंड पार्क पर पहुंचे प्रशासनिक अमले ने कार्रवाई शुरू की। उधर, इमारतों के मालिक भी मौके पर पहुंच गए। नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष नरेश शर्मा ने इसे बदले की कार्रवाई बताया। उधर, डीसी ने साफ किया है इन इमारतों की भवन निर्माण अनुमति के अनुरूप इन्हें नहीं बनाया गया था। ऐसे में कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उधर, इमारत में चल रहे रेस्त्रां संचालकों ने सामान निकालने की मोहलत मांगी। जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें कुछ समय सामान निकालने के लिए भी दिया।