कठुआ। सुफैन के अंबे नाल में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए जम्मू कश्मीर पुलिस के जवानों को बनी में श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगाें की ओर से बनी कस्बे में उनकी शहादत को देश के लिए ऋण बताया। लोगों ने कहा कि देश को सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों पर पूरा भरोसा है कि वो जम्मू कश्मीर में घुसपैठ कर आए एक एक आतंकी को मौत के घाट उतार देंगे।
पूर्व सरपंच गत्ती सुशील सिंह, पूर्व सरपंच चांदल रोशन मन्हास, पूर्व सरंपच संदरूण उत्तम सिंह, जसवंत सिंह, बलवंत सिंह आदि ने कहा कि जम्मू संभाग को साजिश के तहत अशांत करने का प्रयास किया गया है लेकिन पाकिस्तान अपने मकसद में कभी कामयाब नहीं होगा। उधर पूर्व सरपंच चांदल रोशन मन्हास ने कहा कि आतंकियों ने बनी, लोहाई मल्हार के इलाकों में दहशत फैलाने के बाद अब कठुआ के निचले इलाकों में भी दहशत बना दी है। सुरक्षाबलों को इनके हर नापाक मंसबूों को खत्म करते हुए भारतीय जमीन से इनका खात्मा कर देना चाहिए और ऐसा सबक सिखाना चाहिए कि फिर कोई भारत की ओर आंख उठाकर भी न देखे।