कठुआ। जम्मू कश्मीर और हिमाचल की सीमा से सटे जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सरथल में आलू बीज फार्म का काम शुरू हो गया है।
110 कनाल 12 मरला जमीन पर तैयार होने वाला यह फार्म न सिर्फ बेहतरीन किस्म के आलू बीज की पैदावर सुनिश्चित करेगा बल्कि इसके भीतर उपलब्ध कैफेटेरिया और डिमांस्ट्रेशन यूनिट से पर्यटकों को भी आकर्षित करने वाला है। ओपर एयर कैफे में चाय की चुस्की लेते हुए किसाल आलू बीजने को लेकर जानकारियां भी हासिल कर सकेंगे। बनी-भद्रवाह रोड से सटे सरथल में कृषि विभाग नौ करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि से इस फार्म को तैयार कर रहा है।
फार्म में प्रबंधक के कार्यालय, चौकीदार के कमरे और फार्म हाउस के अलावा जमीन के बीचोंबीच बहते नाले पर एक पुल, ओपन कैफे हाउस और एक एकड़ पर आलू की लाइव डिमांस्ट्रेशन की सुविधा रहेगी। इसके साथ ही सौ वाहनों को पार्किंग की सुविधा अलग से होगी। इससे बेहतरीन बीज तैयार कर जिले में किसानों की मांग को पूरा किया जाएगा। ऐसे में कठुआ के साथ-साथ आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर के कई जिलों की अन्य राज्यों से आलू के बीज मंगवाने की निर्भरता भी कम हो जाएगी।