बिलावर। मछेडी पंचायत के वार्ड 4 पलोट के लोगों को आजादी के बाद से अब तक भी सड़क सुविधा नहीं मिल पाई है। नतीजतन वार्ड 4 की 350 से अधिक आबादी को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
नायब सरपंच भाग सिंह, अशोक कुमार, विजय कुमार, विशो राम और अन्य लोगों ने बताया कि मछेडी गांव से उनका वार्ड लगभग 6 किलोमीटर की दूरी पर है। लोगों को अगर मछेडी गांव जाना हो तो एक घंटे से अधिक का समय लग जाता है, क्योंकि लोगों को पैदल रास्ता तय करना पड़ता है और लोग कच्चे ढक्की वाले रास्ते पर ठोकरें खाने को मजबूर हैं।
लोगों ने बताया कि पलोट के कई विद्यार्थी हायर सेकेंडरी की पढ़ाई के लिए हर दिन मछेडी गांव आते-जाते हैं। सड़क सुविधा न होने के चलते उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सड़क सुविधा के अभाव में बुजुर्गों और छोटे-छोटे बच्चों को सबसे अधिक मुश्किलें उठानी पड़ती हैं।
उन्होंने बताया कि अगर वार्ड चार में कोई बीमार पड़ जाए तो उसे पालकी में बिठाकर मछेडी प्राथमिक उपचार केंद्र पहुंचाना पड़ता है क्योंकि इलाके में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। लोगों ने बताया कि वार्ड चार के लोगों ने उनके गांव के लिए कई बार सरकार से सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की गई, लेकिन सरकार ने लोगों की वर्षों पुरानी मांग को आज तक पूरा नहीं किया। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द मछेडी पंचायत के वार्ड 4 के लोगों के लिए सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जाए ताकि वार्ड की 350 से अधिक आबादी को राहत मिल सके।