कठुआ। सरथल में 21 जनवरी को आयोजित होने जा रहा फेस्टिवल अब विंटर नहीं असल में स्नो फेस्टिवल बन गया है। पहली बार सर्दियों में इस तरह के आयोजन को लेकर कुदरत भी मेहरबान नजर आई है। बर्फ के इंतजार में देर तक रुके रहे इस आयोजन से पहले सरथल और आसपास की वादियों में भारी बर्फबारी के बाद अब आयोजक भी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
इस पर्यटन स्थल को लेकर प्रशासन ने पहली बार विंटर फेस्टवल आयोजन करने की तैयारी की है। एक दिन पहले तक जहां सरथल में बर्फ लगभग पिघल चुकी थी वहीं अब एक बार फिर सरथल विंटर वंडरलैंड बन गया है। यहां के कुदरती मनमोहक नजारों को देखने के लिए पर्यटक भी आतुर है। बर्फबारी से प्रभावित हुए सड़क मार्ग को अगले एक दो दिन में पूरी तरह से बहाल करने के बाद पर्यटक यहां जब चाहे तब पहुंच सकेंगे। उधर, विंटर फेस्टिवल को लेकर प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुटा हुआ है। स्थानीय कलाकारों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।