कठुआ। श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले भक्तों के साथ-साथ पर्यटकों के स्वागत के लिए जम्मू कश्मीर का प्रवेश द्वार तैयार करने की कवायद शुरू होने जा रही है।
डेढ़ करोड़ की लागत से लखनपुर कॉरिडोर में पर्यटन निदेशालय की ओर से इस परियोजना पर काम होगा। इसमें प्रदेश में दाखिल होने वाले भक्तों से लेकर पर्यटकों को भव्य जम्मू-कश्मीर की झलक देखने को मिलेगी। अधिकारियों का दावा है कि यह प्रदेश का अपनी तरह का सबसे बड़ा स्वागत द्वार होगा।
जम्मू-कश्मीर में पंजाब की ओर से दाखिल होते ही रावी पुल के निकट भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाने की योजना है। इसके लिए बाकायदा हाईवे प्राधिकरण से एनओसी भी हासिल कर ली गई है। अब तक केवल प्रवेश द्वार के नाम से प्रसिद्ध लखनपुर को ढांचे के रूप में प्रवेश द्वार हासिल हो जाएगा। इसी वित्तीय वर्ष के लिए प्रस्तावित परियोजना को मंजूरी मिलने के साथ ही कंसल्टेंट से इसके प्रारूप पर काम करवाया जाना प्रस्तावित है। इसी से इसका डिजाइन और लंबाई चौड़ाई भी तय कर ली जाएगी।
परियोजना में जम्मू-कश्मीर की संस्कृति और झलक को कैसे उभारा जाएगा, इसका प्रारूप भी देखने को मिल सकता है। प्रदेश के सबसे बड़े स्वागत द्वार से लखनपुर कॉरिडोर में महाराजा गुलाब सिंह स्मारक और यहां तैयार किए गए अन्य आकर्षणों की खूबसूरती और भी बढ़ जाएगी। हाल फिलहाल में जम्मू कश्मीर में सड़क मार्ग से दाखिल होने वाले लोगों के लिए लखनपुर कॉरिडोर पर कई आकर्षण तैयार किए गए हैं।
...............
कोट
लखनपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा और भव्य स्वागत द्वार पर्यटन निदेशालय की ओर से तैयार किया जाना है। इसके लिए इसी वित्तीय वर्ष में परियोजना को रखा गया है। मंजूरी के लिए सरकार को भेज दिया गया है। इसे श्री अमरनाथ यात्रा तक तैयार कर लिया जाएगा।
-राजेश लखन, कार्यकारी अधिकारी, बिलावर डुग्गन विकास प्राधिकरण