कठुआ। बसोहली क्षेत्र से लकड़ी तस्करी के मामले का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जम्मू कश्मीर से पंजाब की ओर जा रहे दो ट्रकों को पुलिस ने जांच के दौरान पकड़ा, जिसमें लकड़ी लदी हुई थी। इसके बाद वाहन को कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया।
दरअसल, क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी की कटाई और तस्करी की मिल रही सूचनाओं पर पुलिस ने नाका लगाया था। इस दौरान दो ट्रकों को जांच के लिए रोका गया तो मामले का भंडाफोड़ हो गया। दोनों लकड़ी से लदे ट्रकाें के चालक उचित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने वाहनों को वन विभाग के हवाले कर दिया। पकड़े गए वाहनों में ट्रक (पीबी6बीबी 5925, जेके02एएच 0195) में भरी लकड़ी की जांच की जाएगी।
डीएफओ मुनीष भारद्वाज ने बताया कि पुलिस की ओर से दो वाहनों को पकड़ा गया है, जिसे वीरवार को ही विभाग को सौंपा गया है। प्राथमिक जांच में यह जलाऊ लकड़ी की तस्करी का मामला है। इसमें तय कानूनों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।