पेयजल समस्या के चलते डिंगा अंब में सड़क जाम कर प्रदर्शन करती महिलाएं। स्रोत जागरूक पाठक
उमस भरी गर्मी में पेयजल संकट पर डींगा अम्ब की महिलाओं का प्रदर्शन, सड़क को किया जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। उमस भरी गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे हीरानगर उपमंडल के डिंगाअम्ब के लोगों का सब्र जवाब दे गया। कई दिनों से नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण घरेलू कामकाज के साथ पीने के पानी की व्यवस्था न होने से नाराज महिलाओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया है। जलशक्ति विभाग और प्रशासन के खिलाफ महिलाओं के प्रदर्शन के चलते सड़क जाम लग गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जलशक्ति विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने के साथ समस्या के स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिलाओं ने प्रदर्शन समाप्त कर सड़क से जाम हटा दिया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि भीषण गर्मी और उमस के इस मौसम में पानी की किल्लत ने लोगों का जीवन प्रभावित कर दिया है। उन्हें दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगी।