घर में चोरी के बाद बिखरा सामानजागरूक पाठक
- नकदी समेत पांच लाख से अधिक के सोने के जेवरात उड़ाए, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। नगरी क्षेत्र के पडियारी गांव में चोरों ने बंद पड़े मकान से लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में दाखिल हुए और वहां से नकदी सहित लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मकान मालकिन प्रोमिला देवी ने बताया कि गांव में उन्होंने नया मकान बनाया है और पुराना घर गांव के बीच में है। 15 दिन पहले उनके पति का निधन हो गया था। इसके बाद वह पुराने घर में रह रही थीं और नया मकान बंद पड़ा था। वीरवार शाम जब वह नए घर पहुंचीं तो खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़िता के अनुसार चोरों ने पहले मुख्य दरवाजा खोलने का प्रयास किया। सफल नहीं होने पर खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर की तलाशी लेने के बाद 35 से 40 हजार रुपये की नकदी और पांच लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के जेवरात चोरी कर ले गए। इसके अलावा कुछ जरूरी दस्तावेज भी गायब बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नगरी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर कुछ अहम सबूत जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा नेता सुरिंदर वर्मा ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण इस तरह की वारदातें बढ़ रही हैं। करीब 15 दिन पहले भी गांव से एक मोटरसाइकिल चोरी हुआ था जिसका अब तक कोई पता नहीं चला है और अब दूसरी घटना हो गई है। नशे के आदी लोग अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।