शहर के शिवानगर में श्रीमद् भागवत कथा के दौरान दिखाई गई श्री कृष्ण जन्म की झांकीसंवाद
शहर के वार्ड 19 शिवा नगर में स्थित अमर चौक में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के वार्ड 19 शिवा नगर स्थित अमर चौक में श्रीमद् भागवत कथा जारी है। इस दौरान बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कथाव्यास श्री श्री 108 गायत्री देवी ने श्रीमद् भागवत पुराण के दशम स्कंध में प्रवेश करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की घोषणा की। पूरे पंडाल में जयकारों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कथा स्थल पर कंस के कारागार से लेकर नंदबाबा के दरबार और वसुदेव की ओर से श्रीकृष्ण को गोकुल ले जाने की झांकियां प्रस्तुत की गईं। भगवान के बाल स्वरूप की मनोहारी झांकी देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। इस दौरान भजनों की मधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं कथाव्यास द्वारा वितरित किए जा रहे मिठाई के महाप्रसाद को ग्रहण करने के लिए भी भक्तों में उत्साह देखने को मिला।
कथाव्यास ने प्रवचन में कहा कि मनुष्य भक्ति रूपी दृष्टि से ही परमात्मा को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि ईश्वर सभी प्राणियों में समान रूप से विद्यमान हैं और सच्ची निष्ठा व विश्वास के बल पर उन्हें कहीं भी अनुभव किया जा सकता है। उन्होंने प्रह्लाद का उदाहरण देते हुए कहा कि उसकी अटूट भक्ति के कारण ही भगवान ने नरसिंह अवतार लेकर उसकी रक्षा की। कथा के पांचवें दिन का समापन सामूहिक आरती के साथ हुआ। इसके उपरांत प्रतिदिन की भांति भंडारे का आयोजन किया गया इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।