कालीबड़ी, जंगलोट व आसपास के क्षेत्रों में आरटीओ की ओर से स्कूल वैनों पर कार्रवाई करने का मामला
कठुआ। स्कूल वैन के तौर पर इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर आरटीओ की सख्ती के कारण अभिभावक परेशान हैं। बुधवार को अभिभावकों ने उपायुक्त राजेश शर्मा से मुलाकात कर इस मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगाई।
डीसी से मिलने पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि हाल ही में कालीबड़ी, जंगलोट और आसपास के क्षेत्रों में आरटीओ ने नाके लगाकर स्कूल वाहनों पर कार्रवाई की। कार्रवाई का आधार ओवरलोडिंग बताकर हजारों रुपये के चालान किए गए।
सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत सिंह पठानिया के नेतृत्व में पहुंचे अभिभावकों ने कहा कि इन वाहनों में ज्यादातर सैनिक परिवारों के बच्चे स्कूल जाते हैं। ऐसे में यह कार्रवाई सीधे तौर पर उन परिवारों को तंग करने जैसी है जिनके पिता देश की सुरक्षा में तैनात हैं।
उन्होंने कहा कि कठुआ में एक हजार से अधिक ऐसे वाहन हैं जिन्हें युवाओं ने रोजगार के लिए खरीदा है। यदि सुरक्षा के लिए कोई अतिरिक्त इंतजाम जरूरी हैं तो इसके लिए निर्देश जारी किए जा सकते हैं लेकिन इस तरह की कार्रवाई से अभिभावक और चालक दोनों परेशान हो रहे हैं।