नगरी के पंडोरी में शादी समारोह के दौरान अचानक हुई व्यक्ति की मौत के बाद उसका शव लेने जीएमसी कठ
नगरी क्षेत्र के पंडोरी गांव का मामला, परिजन ने दूसरे पक्ष की मारपीट से मौत का आरोप लगाया
पोस्टमार्टम को लेकर परिजन व पुलिस में मतभेद
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। नगरी क्षेत्र के पंडोरी गांव में सोमवार रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अब्बूद्दीन (45) पुत्र मुरादद्दीन निवासी पंडोरी नगरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मृतक अपने रिश्तेदारों के घर शादी समारोह में शामिल हुआ जहां उसका किसी अन्य मेहमान के साथ विवाद हो गया। इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे जीएमसी कठुआ लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत के बाद परिजन ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष की मारपीट से उसकी मौत हुई है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि केवल बहस हुई थी और इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी। पोस्टमार्टम को लेकर परिजन और पुलिस के बीच मतभेद भी सामने आया।
परिजन ने धार्मिक रीति-रिवाज का हवाला देते हुए पहले पोस्टमार्टम से इन्कार किया लेकिन बाद में पुलिस और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सोमवार रात 10:00 बजे के बाद हुए इस मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। नगरी पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।