संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। ग्राम नरायनपुर स्थित महामाया मंदिर परिसर के मां बगलामुखी धाम में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तहत प्रतिमाओं की नगर परिक्रमा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और धार्मिक वातावरण में भक्ति भाव से नगर भ्रमण किया। मंगलवार को मां बगलामुखी, हनुमान जी, भैरव बाबा जी एवं शिव परिवार की मूर्तियों की परिक्रमा करवाई गई।
आयोजकों ने बताया कि बुधवार को हवन का आयोजन सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे से भंडारे की व्यवस्था रहेगी। इसमें भक्तजन प्रसाद ग्रहण करेंगे। शाम 4 बजे से मां बगलामुखी की शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें भक्तजन शामिल होंगे। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित इस आयोजन में सम्मिलित होकर पुण्य प्राप्त करें।