फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: भगवान परशुराम के जयघोष से गूंज उठा शहर

Mon, 20 Apr 2026 01:28 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कठुआ
विज्ञापन
शोभायात्रा में उमड़े युवा। संवाद
विज्ञापन
आस्था और उल्लास के साथ मनाया भगवान परशुराम का जन्मोत्सव
विज्ञापन


शहर में निकाली गई शोभायात्रा

संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर जिले भर में जगह-जगह कार्यक्रम करवाए गए। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। पूरा शहर भगवान परशुराम के जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान कहीं पूजन, कहीं भंडारे और कहीं शोभायात्रा निकालकर लोगों ने आस्था प्रदर्शित की।

कठुआ शहर में भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया। ब्राह्मण सभा कठुआ से शुरू होने वाली शोभायात्रा को विधायक राजीव जसरोटिया और डीसी राजेश शर्मा ने रवाना किया। इसके बाद बैंड-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यह डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक, पुराना गर्ल्स हायर सेकेंडरी चौक, शहीदी चौक, कालेज रोड, परशुराम चौक, ड्रीमलैंड पार्क व जराई चौक से होती हुई वापस ब्राह्मण सभा में संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, युवा व गण्यमान्य मौजूद रहे।
विज्ञापन


यात्रा का माहौल भगवान परशुराम के रंग में रग गया। विभिन्न दृश्यों को प्रस्तुत करती झांकियों ने प्रभु परशुराम के जीवन पर प्रकाश डाला। यात्रा के आगे-आगे युवा अपनी-अपनी मोटरसाइकिल पर भगवान परशुराम के जयकारे लगाते हुए चलते रहे। चारों और गूंजते भगवान परशुराम के जयकारों से शहर भक्तिमय हो गया।
इस मौके पर विधायक राजीव जसरोटिया ने सभी को भगवान परशुराम की जयंती की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के प्रयास से इस बार भी भगवान परशुराम जयंती पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन संभव हुआ है। डीसी राजेश शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम ने हमें जो न्याय का रास्ता दिखाया हम उसका पालन करते हुए एक सभ्य समाज का निर्माण करने में योगदान देंगे।

श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के प्रधान सुरिंदर शर्मा ने बताया कि इस बार जयंती के शुभ अवसर पर 13 अप्रैल से श्रीमद् भागवत प्रवचन कथा का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेकर कथा का श्रवण किया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। यात्रा में युवाओं के साथ-साथ विभिन्न संगठनों के लोगों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर ब्राह्मण सभा कमेटी के मनुज केसर, नगर परिषद कठुआ पूर्व अध्यक्ष नरेश शर्मा, नेकां नेता किशोर कुमार बख्शी व भाजपा जिला उपदेश अंदोत्रा मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं को पानी और फलाहार बांटने के लिए जगह-जगह स्टाल लगाए गए। ब्राह्मण सभा से शुरू होकर पारलीवंड तक जगह-जगह स्टालों को सजाया गया था। शहीदी चौक, काॅलेज के सामने, पारलीवंड के साथ विभिन्न स्थानों पर विभिन्न संस्थाओं के लोगों ने पानी व हलवे के साथ-साथ फलों के स्टाल लगाकर प्रभु भक्तों को प्रसाद भेंट किया।
विज्ञापन

लिंक मार्गों में डायवर्ट किया ट्रैफिक
भगवान परशुराम जयंती पर शोभायात्रा का आयोजन किया गया। ऐसे में शहर में जहां-जहां से शोभा यात्रा गुजरी वहां के लिंक मार्गों में ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया। मुखर्जी चौक पर यात्रा पहुंची तो चौक पर आने वाले वाहनों को जराई चौक से भेजा गया। यात्रा शहीदी चौक पर पहुंची तो शहीदी चौक आने वाले वाहनों को काॅलेज मार्ग से ड्रीमलैंड पार्क से होते हुए बस अड्डे भेजा गया। कालीबड़ी में भी यात्रा के कारण कुछ देर तक वाहनों को रुकना पड़ा। यात्रा के जाने के बाद मार्ग यातायात के लिए खुल पाया। एक ट्यूब को लोगों के आने जाने के लिए पूरी तरह से खुला रखा गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें