बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर की जयंती पर निकाली जाने वाली रैली में शामिल बाइक सवार। संवाद
- फोटो : संगठन।
कालीबड़ी चौक से हुई रैली की शुरुआत, कॉलेज रोड और शहीदी चौक से होते हुए रविदास मंदिर में हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में बाइक रैली निकाली गई। इसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर बाबा साहेब के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
रैली की शुरुआत कालीबड़ी चौक से हुई जो कॉलेज रोड, शहीदी चौक, पुराना गर्ल्स हायर सेकेंडरी चौक, मुखर्जी चौक और जराई चौक से होती हुई शहर के पारलीवंड स्थित ओल्ड बस स्टैंड से सटे रविदास मंदिर में संपन्न हुई। श्रद्धांजलि समारोह में लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट सुशील गुप्ता ने बाबा साहेब के जीवन, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक संरचना के लिए दिखाए गए मार्ग पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत इन मूल्यों का पालन करता रहेगा। सामाजिक कार्यकर्ता सुखदेव सिंह ने समाज से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल धर्म और जाति की राजनीति कर रहे हैं लेकिन समाज के उत्थान के लिए हमें बाबा साहेब के रास्ते को अपनाना होगा।