ब्राह्मण सभा ने गोविंदसर में की बैठक
- श्री ब्राह्मण सभा ने गोविंदसर में बनाई नई कमेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। 13 अप्रैल से शुरू हो रहे भगवान परशुराम के जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए श्री ब्राह्मण सभा कठुआ में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को सभा की ओर से गांव गोविंदसर में बैठक का आयोजन किया गया जहां श्री ब्राह्मण सभा कठुआ ने गोविंदसर इकाई का गठन किया।
इसमें सर्वसम्मति से हरमेश चंद्र पाधा को प्रधान, ओंकार पाधा और ईश्वर शर्मा को उपप्रधान, संजय शर्मा को महासचिव व शाम लाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस मौके पर ग्रामीणों ने श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के प्रधान सुरिंदर मेहता को पहली बार गांव पहुंचने पर पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
बैठक में श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के प्रधान सुरिंदर मेहता ने भगवान परशुराम की जयंती पर चलने वाले सात दिन के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सर्व समाज को इससे जोड़ने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को कार्यक्रम के जुड़ने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के प्रधान को प्रत्येक दिन होने वाले कार्यक्रम में लोगों की सहभागिता को सुनिश्चित बनाने की योजना प्रस्तुत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि भगवान परशुराम की जयंती पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा में गांव की महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी शामिल होकर शोभायात्रा को भव्य बनाएंगे।