धार महानपुर रामलीला का दृश्यसंवाद
- फोटो : Archive
धार महानपुर में रामलीला मंचन जारी, देर रात तक चल रहे कार्यक्रम में उमड़ रहे दर्शक
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। धार महानपुर में रामलीला मंचन जारी है। देर रात तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उमड़ रहे हैं। शुक्रवार रात को जटायु वध और सुग्रीव-बाली युद्ध का मंचन किया गया। दर्शकों की भीड़ और उत्साह ने रामलीला से जुड़े कलाकारों का जोश और बढ़ा दिया है जो अभिनय और संवादों से दृश्यों को जीवंत बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।
जटायु वध के दृश्य में जब रावण सीता का हरण करता है तो पक्षीराज जटायु उसे रोकने का प्रयास करते हैं। घायल अवस्था में राम के सामने जटायु का संवाद दर्शकों को भावुक कर गया। जटायु ने मृत्यु से पूर्व राम को सीता हरण की पूरी कथा सुनाई और प्राण त्याग दिए।
इसके बाद मंचन में सुग्रीव-बाली युद्ध का प्रसंग आया। राम ने तीर चलाकर बाली का वध किया। बाली ने मृत्यु से पूर्व राम से संवाद करते हुए छल से अपनी हत्या किए जाने का आरोप लगाया। उसने कहा कि युद्ध में सामने से लड़ने के बजाय छिपकर तीर चलाना अनुचित है। इस संवाद ने रामलीला के मंचन को और प्रभावशाली बना दिया।
इन दृश्यों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। कलाकारों के अभिनय, संवाद और मंच सज्जा ने वातावरण को जीवंत बना दिया। दर्शकों ने तालियों और जयकारों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। रामलीला के आयोजक शाम सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में भी महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखना तथा नई पीढ़ी को रामायण के आदर्शों से जोड़ना है।