सात दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन एवं हनी मिशन (एनबीएचएम ) 2025-26 के तहत चल रहे सात दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हो गया। मुख्य कृषि अधिकारी कठुआ कार्यालय परिसर में आयोजित समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के लिए मधुमक्खी पालन सशक्त आय का साधन बनेगा।
मुख्य कृषि अधिकारी जितेंद्र कुमार खजूरिया ने प्रतिभागी किसानों और मधुमक्खी पालकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग भविष्य में भी ऐसे क्षमता-विकास कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कृषि विज्ञान केंद्र कठुआ के प्रमुख विशाल महाजन ने वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन की महत्ता पर जोर दिया।
क्षेत्रीय विकास अधिकारी विजय अबरोल ने किसानों को मधुमक्खी पालन को एक लाभकारी सहायक गतिविधि के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। एपिकल्चर विकास सहायक पंकज जसरोटिया ने प्रतिभागियों को विभिन्न केंद्र और राज्य प्रायोजित योजनाओं की जानकारी दी।
समापन कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र कठुआ डॉ. अनामिका जम्वाल, एमडीओ अशोक सरमाल, सहायक मृदा रसायनज्ञ दलबीर सिंह और एसएमएस संजय गुप्ता ने किसानों को अलग-अलग तरह की खेती और टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।