कठुआ। भारतीय जनता पार्टी कठुआ इकाई ने हाल ही में घोषित 18 प्रतिशत टैरिफ वृद्धि और ईंधन मूल्यों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस फैसले को जनविरोधी बताते हुए डीसी राजेश शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
भाजपा जिला प्रधान उपदेश अंदोत्रा की अगुवाई में कार्यकर्ता पहले डीसी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बढ़ोतरी नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री एनसी विधायक सतीश शर्मा, बनी विधायक डॉ. रमेश्वर और अन्य सहयोगियों की संलिप्तता से लागू की गई है। मौजूदा सरकार के गठन के बाद से लगातार मूल्य वृद्धि ने आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। इस मौके पर उपदेश अंदोत्रा ने विशेष रूप से ईंधन मूल्य वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर खाड़ी क्षेत्र में जारी संकट के कारण ईंधन की कीमतें पहले ही अस्थिर हैं।
जिला विकास परिषद के पूर्व उपचेयरमैन रघुनंदन सिंह बब्लू ने कहा कि स्थानीय सरचार्ज लागू होने से आवश्यक वस्तुओं के दाम सीधे प्रभावित होंगे और महंगाई और बढ़ेगी। ज्ञापन सौंपने वालों में राजेश मेहता, गगन सिंह, रविंदर शर्मा, मंजीत जसरोटिया, प्रेमनाथ डोगरा, अनिल सिंह, राहुल देव शर्मा, अनिल खजूरिया शामिल रहे। संवाद