हीरानगर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने लगाया स्वास्थ्य शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपुब) की 121 बटालियन ने 87वें स्थापना दिवस पर हीरानगर स्टेडियम में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। बल के उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कमांडेंट अरविंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का क्षेत्र के लोगों ने भरपूर लाभ लिया।
शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में डॉ. नेहा शर्मा, 121 बटालियन के डॉ. सुधाकर राय (सीएमओ), और फार्मासिस्ट सुरेंद्र कुमार ने सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान जरूरतमंद लोगों के लिए उच्च रक्तचाप, मधुमेह, महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच, नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम, पोषण परामर्श, वेलनेस सत्र और मानसिक स्वास्थ्य की जांच की गई। कमांडेंट अरविंद सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सीआरपीएफ लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती है। शिविर में हीरानगर क्षेत्र और आसपास के सुदूर इलाकों से आए ग्रामीणों ने बल की इस पहल को सराहते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य शिविर न केवल ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आया बल्कि सीआरपीएफ की सामाजिक जिम्मेदारी और जनता के प्रति समर्पण को भी दर्शाता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। इस अवसर पर 121 बटालियन के उप कमांडेंट एस.पी. सिंह और संदीप कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।