बाबा बड़भाग सिंह देव स्थान पर माथा टेंकते श्रद्धालु। स्रोत जागरूक पाठक
चक देसा सिंह वार्ड नंबर 18 में बाबा बड़भाग सिंह के 21वें वार्षिक भंडारे और सत्संग का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। चक देसा सिंह वार्ड नंबर 18 कठुआ में बाबा बड़भाग सिंह जी के 21वें वार्षिक भंडारे और सत्संग का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर आस्था प्रदर्शित की।
सामाजिक कार्यकर्ता डीआर सोनी ने श्रद्धालुओं को भक्ति मार्ग अपनाने, सामाजिक एकता बनाए रखने और अच्छे संस्कारों को जीवन में उतारने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। सत्संग के बाद हुए भव्य कीर्तन में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह से भाग लिया।
इस अवसर पर बच्चों को शिक्षाप्रद पुस्तकें वितरित की गईं जिससे शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजकों के अनुसार देवस्थान पर होने वाला यह वार्षिक कार्यक्रम न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक रहा बल्कि सामाजिक एकता, शिक्षा और संस्कारों के महत्व का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाने में सफल रहा। अंत में लंगर सेवा का आयोजन किया गया। सेवा में सत देवी, अजीत कौर, उर्मिला देवी और डीआर सोनी सहित लंगर कमेटी के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन करन सिंह, अयोध्या देवी और कैलाशो देवी ने किया। इस मौके पर संजय वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।