कठुआ। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जिला कार्यालय ने शहर के आईटीआई रोड पर एंटी-पॉलीथिन प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान जनरल स्टोर से 22 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन के कैरी बैग, जिनकी मोटाई 120 माइक्रोन कम थी और 26 किलोग्राम सिंगल-यूज प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई है।
जब्त किए गए सामान को प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के तहत कब्जे में लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य शहर में प्लास्टिक प्रदूषण को रोकना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कठुआ ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाकर स्वच्छ और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग दें।